राजपुर में बिजली संकट से विभाग ने की भावुक अपील, सुबह-शाम बंद रखें AC और कूलर


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के विभिन्न गाँवों में इन दिनों खेती का सीजन शुरू होते ही बिजली की खपत आसमान छूने लगी है. विद्युत पावर स्टेशन पर क्षमता से अधिक लोड बढ़ने के कारण आए दिन तकनीकी खराबी आ रही है, जिससे घंटों बिजली आपूर्ति ठप हो जा रही है. इस गंभीर संकट को देखते हुए बिजली विभाग ने आम जनता से सहयोग की एक बेहद भावुक अपील की है.
पीक आवर्स में भारी उपकरणों को बंद रखने का अनुरोध
विद्युत कनीय अभियंता अजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि सुबह और शाम के समय ग्रिड से बिजली की आपूर्ति भी कम रहती है. इसी दौरान घरों में अत्यधिक लोड बढ़ जाने से आए दिन फाल्ट की समस्या हो रही है और अक्सर खराबी आ जाती है.इस समस्या से निपटने के लिए विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि वे सबसे महत्वपूर्ण समय (Peak Hours) पर बिजली की बचत करें.सुबह: 6:00 बजे से 9:00 बजे तक एवं संध्या: 5:00 बजे से रात 9:00 बजे तक.विद्युत कनीय अभियंता ने कहा की अगर हम इन कुछ घंटों के लिए अपने घरों के AC, कूलर और फ्रिज जैसे भारी उपकरणों को बंद रखेंगे, तो पावर स्टेशन पर लोड कम होगा. आपके इस छोटे से सहयोग से दूसरों के घरों तक पेयजल पहुँच सकेगा, जानवरों के चारे-पानी की व्यवस्था हो पाएगी और कई परिवारों के महत्वपूर्ण कार्य समय पर पूरे हो सकेंगे.
सहयोग की जरूरत
खेती के इस महत्वपूर्ण सीजन में हर घर तक बिजली पहुँचाना विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह संकट बिना जन-भागीदारी के दूर नहीं हो सकता. यदि लोग सुबह और शाम के तय समय पर संयम बरतें, तो बार-बार होने वाले ब्रेकडाउन से बचा जा सकता है और पूरे प्रखंड को निर्बाध बिजली का लाभ मिल सकता है.नेशनल आवाज़ भी इसमें सहयोग की अपील करता है.






