राजपुर के बसही में बस की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत,चालक फरार

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-कोचस मुख्य पथ पर गीता नगर बसही के पास गुरूवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है.यहाँ एक तेज रफ्तार बस ने सड़क पार कर रहे 45 वर्षीय व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.मृतक की पहचान बसही गांव निवासी श्रीकवल राम पिता- मुक्तेश्वर राम के रूप में की गई है. इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम श्रीकवल राम एक छोटे बच्चे को साथ लेकर सरदार सिंह अस्पताल के पास स्थित एक नाश्ते की दुकान पर जा रहे थे. जैसे ही वह सड़क पार करने लगे, तभी बक्सर की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह बस के साथ कई मीटर तक घसीटते चले गए, जिसके कारण घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
राहत की बात यह रही कि उनके साथ मौजूद बच्चा इस हादसे में सुरक्षित बच गया.दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. इस बीच, स्थिति का फायदा उठाकर बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. हादसे से गुस्साए स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया.जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निवास कुमार तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए .पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम को हटवाया. इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बक्सर भेज दिया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है.






