सहयोग शिविर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का बेहतर मंच: डीडीसी


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के खरहना पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 33 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 19 मामलों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया. जबकि शेष 14 आवेदन लंबित रहे. शिविर की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया जगलाल चौधरी ने की.वहीं तियरा पंचायत में मुखिया उषा देवी की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया. विभिन्न गांव से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया.
शिविर का निरीक्षण करने खरहना पहुंची उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है. यदि किसी ग्रामीण की समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर नहीं हो पा रहा है, तो उसके लिए सहयोग शिविर एक बेहतर मंच है.
जहाँ लोग खुलकर अपनी बात रख सकते हैं और उस पर तुरंत कार्रवाई की जाती है.कार्यक्रम के दौरान खरहना पंचायत के पंजीकृत मजदूरों के बीच श्रम कार्ड का भी वितरण किया गया. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी अभिषेक पाठक, तियरा में रामअवतार राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.






