Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
others

चौसा में बीईओ का स्थानांतरण व दो प्रधानाध्यापकों का सेवानिवृत्ति सम्मान, विदाई समारोह में शिक्षकों ने भेंट किए स्मृति चिह्न

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- ​चौसा प्रखंड संसाधन केंद्र  सभागार में बुधवार को एक भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हृषिकेश कुमार सिंह के स्थानांतरण तथा सगरा उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार राम एवं प्रधानाध्यापक जगनारायण प्रसाद की सेवानिवृत्ति पर आयोजित हुआ. समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार राम ने की, जबकि मंच संचालन राकेश कुमार ने किया.

विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने बीईओ तथा दोनों सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापकों को अंगवस्त्र, पुस्तक, पुष्पमाला और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया. उपस्थित शिक्षकों ने तीनों अधिकारियों व शिक्षकों के सफल कार्यकाल, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण तथा विद्यालयों के सर्वांगीण विकास में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की खुलकर सराहना की.

शिक्षक परिवार से मिला स्नेह मेरी अमूल्य पूंजी: बीईओ

अपने संबोधन में निवर्तमान बीईओ हृषिकेश कुमार सिंह भावुक नजर आए. उन्होंने कहा, मैं चौसा से सिर्फ विदाई लेकर नहीं जा रहा हूँ, बल्कि यहाँ के शिक्षकों और शिक्षा परिवार से मिले अटूट सम्मान, स्नेह और सहयोग की अमूल्य पूंजी साथ लेकर जा रहा हूँ. उन्होंने आगे कहा कि चौसा के शिक्षकों के साथ उनका आत्मीय रिश्ता हमेशा बना रहेगा. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए हमेशा तत्पर रहने की बात दोहराते हुए सभी शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता को और ऊंचे पायदान पर ले जाने का आह्वान किया.

सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार राम ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया. वहीं प्रधानाध्यापक जगनारायण प्रसाद ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और चरित्र का निर्माण करना है.उन्होंने सभी से निष्ठापूर्वक कर्तव्य पालन की अपील की.​कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने तीनों विभूतियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की. इस मौके पर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षा विभाग के कर्मी उपस्थित रहे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button