कम उपलब्धि पर तीन पीओ का वेतन बंद, 10 अगस्त से बक्सर में चलेगा विशेष पौधारोपण अभियान


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिला समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में वीबी-जी राम-जी योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाते हुए डीएम ने कार्रवाई का निर्देश दिया, वहीं जिले में विकास योजनाओं की गति तेज करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए.
लापरवाही पर सख्त एक्शन: तीन प्रखंडों के PO का वेतन स्थगित
योजना की समीक्षा के दौरान प्रखंड राजपुर, नावानगर और इटाढ़ी में मानव दिवस के सृजन में 01 प्रतिशत से भी कम उपलब्धि पाई गई. इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित तीनों कार्यक्रम पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए उनका वेतन तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्देश दिया.
10 अगस्त से समारोहपूर्वक चलेगा पौधारोपण अभियान
बैठक में अगस्त माह के दौरान जॉब कार्डधारियों को दिए जा रहे रोजगार और वृक्षारोपण कार्यों की गहन समीक्षा की गई. डीएम ने निर्देश दिया कि आगामी 10 अगस्त से जिले भर में अभियान चलाकर समारोहपूर्वक पौधारोपण कराया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ा जा सके.
ग्रामीण अवसंरचना और जल संरक्षण पर जोर
VB-G RAM-G योजना के तहत मुख्य ग्रामीण अवसंरचना के निर्माण, आजीविका संवर्धन के लिए वर्कशेड की स्थापना और जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया. डीएम ने अधिकारियों को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने की हिदायत दी.






