सावन की सोमवारी पर सरेंजा गांव में टूटा दुखों का पहाड़, वाराणसी में गंगा स्नान के दौरान होनहार युवक की मौत

नेशनल आवाज़ /बक्सर : सावन की सोमवारी पर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने वाराणसी गए बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरेंजा गांव निवासी एक युवक की गंगा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई.घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.मृतक की पहचान सरेंजा गांव निवासी प्रदीप कुमार के 24 वर्षीय पुत्र कुश कुमार के रूप में हुई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुश कुमार सावन की सोमवारी के अवसर पर अपने दोस्तों के साथ वाराणसी में जलाभिषेक करने गया हुआ था.
सोमवार की सुबह लगभग 7:00 बजे वह वाराणसी के गंगा महल घाट के पास स्नान कर रहा था. उसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया.कुश को आसपास न देखकर साथ गए दोस्तों ने उसकी खोजबीन शुरू की. अनहोनी की आशंका होने पर स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को तत्काल सूचना दी गई. मौके पर पहुंची NDRF की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को पानी से बाहर निकाला.
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के दादा बद्री कसेरा समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना की सूचना बक्सर स्थित सरेंजा गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. होनहार युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और माहौल गमगीन बना हुआ है.





