बक्सर में 13 अगस्त को कला भवन में जुटेंगे युवा, माय भारत व जिला प्रशासन कराएगा प्रतियोगिताएं


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और उनके भीतर छिपी प्रतिभा व नेतृत्व क्षमता को निखारने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (माय भारत) के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है. “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा कार्यक्रम” के तहत आगामी 13 अगस्त 2026 को बक्सर स्थित कला भवन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया जाएगा.इन प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में प्रभारी जिला पदाधिकारी निहारिका छवि की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई.
बैठक के दौरान प्रभारी जिला पदाधिकारी ने प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, आयोजन स्थल की व्यवस्था, प्रतिभागियों की अधिकतम भागीदारी और व्यापक प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की.उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं माय भारत के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि 13 अगस्त को कला भवन में होने वाले इस आयोजन की सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं.
साथ ही, जिले के अधिक से अधिक युवाओं तक इस सूचना को पहुंचाने और उन्हें मंच प्रदान करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने पर जोर दिया गया.उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल युवाओं को रचनात्मकता और नेतृत्व का मंच देते हैं, बल्कि उनके भीतर सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करते हैं. नशा मुक्ति जैसे गंभीर विषय पर युवाओं की सक्रिय सहभागिता एक स्वस्थ समाज के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी.
जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संस्थाओं से बेहतर समन्वय स्थापित कर सहयोग प्रदान करने की अपील की है.






