बक्सर Beats में युवाओं के संग डीएम एसपी का संवाद


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा रामरेखा घाट स्थित ‘लाइट एंड साउंड शो’ परिसर में एक अभिनव कार्यक्रम ‘बक्सर Beats’ का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के जरिए जिला प्रशासन और जिले की युवा प्रतिभाओं के बीच सीधे संवाद का मंच तैयार किया गया.कार्यक्रम में डीएम साहिला ने स्कूली विद्यार्थियों, युवा कलाकारों, संगीतकारों, खिलाड़ियों, एनसीसी कैडेट्स तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं से मुलाकात की और उनके विचारों, सुझावों तथा भावी सपनों पर चर्चा की.
युवा शक्ति ही जिले की सबसे बड़ी ताकत: डीएम
युवाओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी साहिला ने कहा, “युवा शक्ति बक्सर जिले की सबसे बड़ी ताकत है.यदि युवाओं की सोच, रचनात्मकता और ऊर्जा को सही दिशा मिले, तो जिले के विकास को एक नई गति दी जा सकती है. उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने, नए अवसरों को भुनाने और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
विभिन्न मुद्दों पर युवाओं ने रखे सुझाव
संवाद के दौरान जिले के युवाओं ने निम्नलिखित मुख्य विषयों पर अपनी बात और सुझाव जिला प्रशासन के समक्ष रखे जिसमें बेहतर शैक्षणिक अवसरों और रोजगारपरक प्रशिक्षण पर चर्चा. स्थानीय संगीत, कला एवं खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए स्थायी मंच की मांग. बक्सर की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सहेजने और प्रचारित करने के सुझाव.जिलाधिकारी ने युवाओं के सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के माध्यम से हर संभव सहयोग व ठोस पहल का आश्वासन दिया.
‘बक्सर Beats’ का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और युवाओं के बीच की दूरी को मिटाकर एक सहज, जीवंत और सहभागी माहौल तैयार करना है.स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा व्यक्त करने का अवसर दिया, बल्कि उनमें देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अपने जिले के प्रति गौरव की भावना को भी सशक्त किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही.







