जल जीवन हरियाली व स्वच्छता के ‘नायक’ अजय राय हुए सम्मानित,बोले- ‘सम्मान से बढ़ी समाज के प्रति जिम्मेदारी’


नेशनल आवाज़ /बक्सर : – जल संरक्षण, पर्यावरण और स्वच्छता के क्षेत्र में मिसाल कायम कर रहे नगर परिषद डुमरांव के ब्रांड एंबेसडर अजय राय को उनके उत्कृष्ट व प्रेरणादायक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने उन्हें औपचारिक रूप से प्रशस्ति पत्र सौंपकर उनके समर्पण, ईमानदारी और निरंतर सक्रियता की सराहना की. अजय राय पिछले कई वर्षों से अपने निजी खर्च पर हजारों बिना टोटी वाले नलों में टोटी लगवाकर पेयजल की बर्बादी रोक रहे हैं.
गली-मोहल्लों, चौक-चौराहों, स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में नुक्कड़ नाटकों और संवाद के जरिए बच्चों व युवाओं को पानी बचाने और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश देते हैं.सैकड़ों पौधों का रोपण करने के साथ-साथ वे लोगों से पेड़ों की सुरक्षा करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हैं.
इन्होंने कहा यह सम्मान मेरे लिए गर्व की बात है.इससे समाज के प्रति मेरी जिम्मेदारी और बढ़ गई है. जल, जंगल और स्वच्छता का यह अभियान आगे और बड़े स्तर पर जारी रहेगा.कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने उनके प्रयासों को समाज के लिए अनुकरणीय बताते हुए कहा कि अजय राय का निस्वार्थ कार्य डुमरांव को स्वच्छ और हरित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. सम्मान मिलने के बाद अजय राय ने इस अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प दोहराया.







