राजपुर के भूमि सर्वेक्षण में दो मौजा का खतियान तैयार, ग्राम सभा में वंशावली का होगा सत्यापन
नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड क्षेत्र की सभी पंचायतों में बिहार विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त का कार्य चल रहा है. रैयतों की सहूलियत और जमीन संबंधी रिकॉर्ड को अपडेट करने के लिए सर्वेक्षण कर्मी लगे हुए हैं.कुछ मौजों में खतियान लेखन का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि कई पंचायतों में यह काम तेजी से आगे बढ़ रहा है.सर्वेक्षण टीम ने हरपुर पंचायत के मौजा खानपुर माफी थाना सं. 205 और मनीपुर में खतियान लेखन का काम पूरी तरह संपन्न कर लिया है.
इसके अलावा चिंतामनपुर तथा बारूपुर पंचायत के मकोरियाडीह मौजा में खतियान बनाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है. जिन मौजों में खतियान लेखन का काम पूरा हो चुका है, वहां अब रैयतों की वंशावली के भौतिक सत्यापन के लिए विशेष ‘ग्राम सभा’ का आयोजन किया जाएगा.
अन्य इलाकों की प्रगति की जानकारी देते हुए प्रखंड सर्वेक्षण अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि शेष बचे मौजों में किस्तवार भूमि मापी व मैपिंग का काम तेजी से निपटाया जा रहा है. प्रशासनिक स्तर पर कोशिश है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सर्वेक्षण के सभी चरणों को पूरा कर लिया जाए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.इन्होंने कहा जिन मौजों में खतियान लेखन का कार्य पूरा हो चुका है, वहां के किसान और भूमि मालिक अपने रिकॉर्ड की जांच कर लें.यदि खतियान में नाम, खाता, खेसरा या रकबा से जुड़ी किसी भी तरह की गड़बड़ी या शिकायत हो, तो रैयत बिना किसी झिझक के सीधे कार्यालय में संपर्क कर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.







