वाहन जांच के दौरान भाजपा क्रीड़ा मंच के जिला संयोजक हिरासत में, शराब पीने का आरोप


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी रूप से लागू रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बक्सर नगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. शनिवार को नया बाजार क्षेत्र में नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस ने भाजपा क्रीड़ा मंच के जिला संयोजक दुर्गेश उपाध्याय उर्फ ‘विद्रोही’ को शराब के नशे में होने के आरोप में हिरासत में लिया है. पुलिस द्वारा उनके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस शनिवार को नया बाजार इलाके में मुस्तैदी के साथ नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी.इसी दौरान वहां से गुजर रहे दुर्गेश उपाध्याय को रोककर जब जांच की गई, तो उनके शराब के नशे में होने की बात सामने आई.आरोप है कि वह नशे की हालत में हंगामा भी कर रहे थे.स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया और आगे की मेडिकल व कानूनी प्रक्रिया के लिए थाने ले आई.
मामले की पुष्टि करते हुए नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया नया बाजार में वाहन जांच के दौरान एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा करता हुआ पाया गया. ब्रेथ एनालाइजर व अन्य आवश्यक जांच में शराब के सेवन की पुष्टि होने के बाद उक्त व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है.बिहार के कड़े मद्य निषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है.सत्तारूढ़ दल से जुड़े और भाजपा क्रीड़ा मंच के जिला संयोजक जैसे महत्वपूर्ण पद पर आसीन व्यक्ति की शराब के मामले में गिरफ्तारी की खबर फैलते ही बक्सर के राजनैतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. इस घटना को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं सरेआम हैं.फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी हुई है.






