राजपुर के तियरा में ‘सहयोग शिविर’, हर समस्या का होगा समाधान

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रखंड के तियरा पंचायत भवन परिसर में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया.पहले ही दिन शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी. कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (DDC) निहारिका छवि एवं स्थानीय मुखिया उषा देवी ने संयुक्त रूप से की.

जनहित में कोताही बर्दाश्त नहीं, तय सीमा में हो काम: प्रभारी मंत्री

मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने केंद्र और राज्य सरकार की विकास नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार निरंतर प्रगति कर रहा है. उन्होंने मंच से कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा”डीएम और एसपी के सहयोग से जिले में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं. बीडीओ और सीओ यह सुनिश्चित करें कि जनता की हर शिकायत का हर हाल में समाधान हो.अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
20 दिनों के भीतर मिलेगी राहत: विधायक संतोष निराला

स्थानीय विधायक संतोष कुमार निराला ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इन शिविरों की निगरानी कर रहे हैं.पिछले दिनों आई तेज आंधी और बारिश से सैकड़ों बिजली के पोल टूट गए थे, जिसके मरम्मत का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. जल्द ही बिजली संकट दूर होगा.जो लोग सौ वर्षों से रह रहे हैं, उन्हें सर्वे के बाद रहने के लिए पर्चा दिया जाएगा. मनोहरपुर गांव के प्राथमिक स्कूल तक जाने के लिए लंबे समय से लंबित रास्ते का निर्माण इस बार हर हाल में कराया जाएगा.विधायक ने दावा किया कि शिविर में आए सभी आवेदनों का निष्पादन 20 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा
मौके पर ही जॉब कार्ड का वितरण
शिविर में विभिन्न विभागों के काउंटर बनाए गए थे, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं लिखित रूप में दर्ज कराईं.ग्रामीण संदीप राय ने आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाया कि तियरा-धनसोई मार्ग पर बिना नाली निर्माण किए ही राशि की निकासी कर ली गई है. उन्होंने इसकी उच्चस्तरीय जांच और बसही फीडर से बिजली आपूर्ति सुधारने की मांग की.
तियरा वार्ड दो की सरस्वती देवी ने शिकायत किया कि उनके मोहल्ले में अब तक पक्की गली और नाली का निर्माण नहीं हुआ है.शिविर के दौरान श्यामलाल मेहतर, भरत राम, उमेश कुमार, सुमेश्वर राम, राजेंद्र राम और बसमतिया देवी को मनरेगा के तहत नए जॉब कार्ड सौंपे गए.साथ ही ई-श्रम के लिए पप्पू कुमार व अन्य लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ ऑन-द-स्पॉट दिया गया.

अधिकारियों ने प्रस्तुत की प्रोग्रेस रिपोर्ट
डीएम साहिला ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और बची हुई शिकायतों का भी पारदर्शी तरीके से समाधान होगा.एसपी शुभम आर्य ने आश्वस्त किया कि ग्रामीण स्तर पर पुलिस टीम मुस्तैद है, कानून-व्यवस्था के मामले में किसी को शिकायत का मौका नहीं मिलेगा.बीडीओ सिद्धार्थ कुमार ने ब्लॉक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि नियमित रूप से जनता की शिकायतें सुनी जा रही हैं और प्राप्त अधिकांश आवेदनों का निष्पादन पहले ही किया जा चुका है.
इस अवसर पर मुख्य रूप से मुख्यालय डीएसपी पंकज कुमार सिंह, डीसीएलआर शशिभूषण, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, बीडबल्यूओ ज्ञानू प्रताप सिंह, अंचलाधिकारी डॉ. शोभा कुमारी, राजस्व अधिकारी रूपा कुमारी, बीएओ ऋषिकेश यादव और मुखिया प्रतिनिधि रामअवतार राम सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.






