हैदराबाद में राजपुर के मजदूर की मौत, परिजनों में मचा कोहराम


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के मंगराव गांव निवासी एक 55 वर्षीय मजदूर की हैदराबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान सचिदानंद राम के रूप में हुई है. मौत की खबर गांव में पहुंचते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
मिली जानकारी के अनुसार, सचिदानंद राम अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए पिछले कुछ महीनों से अपने साथियों के साथ हैदराबाद गए हुए थे.वहां वह स्थानीय किसानों के खेतों में दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे. हर दिन की तरह शुक्रवार को भी वे खेत पर काम करने के लिए गए थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई.
साथ में काम कर रहे अन्य मजदूर साथियों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सचिदानंद राम की आकस्मिक मौत की खबर सुनते ही उनकी पत्नी उर्मिला देवी, पुत्र 23 वर्षीय रवि कुमार व 15 वर्षीय प्रिंस कुमार, तथा पुत्रियां 18 वर्षीय प्रियंका व 16 वर्षीय रिंकी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. कमाने वाले मुखिया की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
मुआवजा देने की उठी मांग
इस दुखद घटना पर स्थानीय समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है. समाजसेवी भरत राम,राजेंद्र राम, सत्येंद्र राम, पूर्व मुखिया मकरध्वज सिंह विद्रोही और मुंशी प्रसाद भारती ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है.फिलहाल परिजनों और ग्रामीणों को हैदराबाद से शव के गांव पहुंचने का इंतजार है.






