नेपाल से लौट रहे बक्सर के दो युवकों की मऊ में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, जिले में शोक की लहर

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सरयू नदी पर बने पुराने पुल पर शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार बक्सर के दो दोस्तों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा.
नेपाल भ्रमण से लौट रहे थे दोनों मित्र
मृतकों की पहचान बक्सर नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन निवासी 26 वर्षीय मुकेश कुमार मिश्रा पिता-संजय मिश्रा और राजपुर थाना क्षेत्र के हेठुआ गांव निवासी 27 वर्षीय अभिषेक सिंह उर्फ राज सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों घनिष्ठ मित्र थे और बीते 15 जून को हीरो स्प्लेंडर बाइक से नेपाल घूमने के लिए निकले थे. नेपाल का भ्रमण करने के बाद दोनों गोरखपुर के रास्ते वापस अपने घर बक्सर लौट रहे थे.
बेकाबू ट्रेलर ने मारी टक्कर, रौंदते हुए निकला
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात करीब 11:30 बजे दोनों युवक पुराने सरयू पुल से होते हुए दोहरीघाट कस्बे की तरफ बढ़ रहे थे.इसी दौरान सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. इसके बाद बेरहम ट्रेलर चालक दोनों को रौंदते हुए वाहन सहित अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला.
राहगीरों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद दोहरीघाट थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों लहूलुहान युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) दोहरीघाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया. हादसे के कारण पुल पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को हटाकर सुचारू कराया.
थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों मृतक युवक बिहार के बक्सर के रहने वाले थे, जो नेपाल से घूमकर लौट रहे थे. हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है. फरार ट्रेलर और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है.जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर परिजनों की तहरीर पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.






