डिहरी गांव में जंगली सूअर के हमले से वृद्ध महिला की मौत, 6 अन्य घायल


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव में जंगली सूअर के हमले से 70 वर्षीय महिला रजपतिया देवी की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार के दोपहर में यह महिला अपने दरवाजे के पास बैठकर कुछ काम कर रही थी. तभी अचानक नदी घाट से गांव की ओर अचानक भटक कर पहुंचा जंगली सूअर कई लोगों पर टूट पड़ा. जिसे देखकर महिला भी चिल्लाने लगी. इसी दौरान जंगली सूअर ने महिला के पास भी पहुंचकर ताबड़ तोड़ कई बार घातक हमला कर दिया.
जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई. जिन्हें बचाने के लिए आसपास के कई लोग भी पहुंचे उन्हें भी इस जंगली सूअर ने घायल कर दिया. जिसमें सुग्रीव राजभर सहित छह लोग घायल हो गए. सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. इससे पहले रजपतिया देवी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया.घटना के बाद लोगों में भय एवं दहशत का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिन में कर्मनाशा नदी में पानी बढ़ जाने से हर साल जंगली जीव भटक कर आ जाते हैं जो गांव की तरफ चले आते हैं. जिसके लिए कोई सुरक्षा का उपाय नहीं है.
इससे पहले भी जानवरों के हमले से कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. इसको लेकर समाज सेवी प्रेम कुशवाहा, महातिम राम ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है. विदित होगी कि अब जंगली जानवरों के हमले से हुई मौत या पालतू पशुओं की मौत एवं घायल की अवस्था में वन विभाग के तरफ से अब मुआवजा भी दिया जा रहा है. जिसके लिए लोगों को अब जागरुक होने की जरूरत है. किसी भी पशु या व्यक्ति की मौत होने पर उसका पोस्टमार्टम होना जरूरी है.






