राजपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति और पर्यावरण चेतना की धूम,स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीता दिल


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन हुआ.कन्या मध्य विद्यालय भगवानपुर में प्रधानाध्यापिका उषा मिश्रा के नेतृत्व में सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण किया गया.इसके पश्चात स्कूली बच्चों द्वारा कई शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए.कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक नुक्कड़ नाटक रहा, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण बचाने और वृक्षारोपण का सशक्त संदेश दिया.
इस नाटक में छात्र किशोर पाण्डेय, प्रदीप कुमार, प्रीति कुमारी, ललिता, सृष्टि, पायल एवं दृष्टि ने अपने जीवंत अभिनय से सभी का मन मोह लिया.समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापिका उषा मिश्रा ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के गंभीर संकट से जूझ रही है. इस समस्या से निपटने के लिए हम सभी को पर्यावरण के प्रति जागरूक होने और पौधरोपण करने की सख्त जरूरत है. इस दौरान विद्यालय के शिक्षक संजय कुमार, शिव शक्ति, सनोज कुमार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
नन्हें-मुन्नों ने पेश की देशभक्ति की मनमोहक छटा
उर्दू प्राथमिक विद्यालय खीरी में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया.प्रधानाध्यापक धनंजय मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में नन्हें-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति के गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया.नन्हे मुन्ने बच्चे तेरी मुट्ठी में क्या है…”, “लकड़ी की काठी…” और “नन्हा मुन्ना राही हूँ…” जैसे लोकप्रिय गीतों पर बच्चों के थिरकते कदमों ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया.
बच्चों का उत्साहवर्द्धन करते हुए प्रधानाध्यापक ने कहा कि आज के यही नौनिहाल कल के भविष्य हैं. बेहतर शिक्षा ग्रहण कर ये बच्चे अच्छे नागरिक बनेंगे और अपनी पढ़ाई के बल पर देश का नाम रोशन करेंगे.कार्यक्रम के दौरान शिक्षक सौलत महमूद खां, मोहम्मद जमशेद आलम, शमशाद आलम, शाइस्ता परवीन, जावेद खान एवं गौरव यदुवंशी मुख्य रूप से मौजूद रहे.







