राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक हुए सीआरपीएफ जवान अयूब अंसारी, ‘जब तक सूरज चांद रहेगा’ के नारों से गूंजा खरगपुरा

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा प्रखंड स्थित डिहरी पंचायत के खरगपुरा गांव निवासी सीआरपीएफ जवान अयूब अंसारी का जम्मू में ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया. आशंका जताई जा रही है कि उन्हें सेवा के दौरान ही दिल का दौरा पड़ा था.जैसे ही उनके निधन की खबर खरगपुरा गांव पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया.परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.पत्नी खोदैजा बेगम पुत्री हाजरा खातून पुत्र मो अजहर अंसारी का रो-रोकर बुरा हाल है, जिनकी सिसकियों से माहौल भारी हो उठा.
पुत्र अजहर ने बताया की वह जम्मू के जहांगीर चौक पर 114 वी बटालियन के तरफ से तैनात थे.अगर मुझे भी बुलावा आएगा तो देश सेवा के लिए जायेंगे.शुक्रवार को पार्थिव शरीर जैसे ही भारत माता की शान तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र की हवाएं देश भक्ति के रंग में रंग गई. अपने मिट्टी के लाल की अंतिम झलक पाने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष हाथों में तिरंगा लिए सड़कों पर उतर आए.
हर आंख नम थी, लेकिन दिल में अपने लाल की शहादत पर फक्र था. पूरा गांव “जब तक सूरज चांद रहेगा, अयूब तेरा नाम रहेगा” और “जय हिंद” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा.जुमे की नमाज के बाद गांव के ही कब्रिस्तान में सेना के जवानों द्वारा उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई. इसके बाद नम आंखों से उन्हें मिट्टी दी गई.मौके पर मौजूद जिला पार्षद सदस्य पूजा कुमारी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जवान अयूब अंसारी की यूं अचानक चले जाने की खबर अत्यंत दुखद और मर्माहत करने वाली है. उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर उनका ढांढस बंधाया.अंतिम सफर में उमड़े जनसैलाब ने यह साबित कर दिया कि देश की रक्षा में अपनी जान न्योछावर करने वाले जवान कभी मरते नहीं, बल्कि हर देशवासी के दिल में हमेशा के लिए अमर हो जाते हैं.







