डीएम ने चार सीओ का वेतन किया बंद, फार्मर रजिस्ट्री सत्यापन के लिए कल दोपहर तक की डेडलाइन


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- जिला समाहरणालय सभाकक्ष में शनिवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में राजस्व, नीलाम पत्र एवं आंतरिक संसाधन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान राजस्व वसूली और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया.
राजस्व महाअभियान, दाखिल-खारिज, भूमि मापी, परिमार्जन प्लस, लोक शिकायत निवारण, अतिक्रमण हटाने तथा ‘अभियान बसेरा-2’ जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा के दौरान कई अंचलों में प्रगति असंतोषजनक पाई गई. कार्य में शिथिलता को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने इटाढ़ी, चौसा, डुमरांव एवं चक्की के अंचल अधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश जारी किया.
लक्ष्य प्राप्ति और फार्मर रजिस्ट्री पर सख्त निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आंतरिक संसाधन के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही, उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के सत्यापन कार्य को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए इसे 23 अगस्त 2026 की दोपहर 12:00 बजे तक हर हाल में पूरा करने की अंतिम समय-सीमा तय की है.







