बन्नी गांव में तालाब में डूबने से अधेड़ की मौत,सुबह मिला शव

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत बन्नी गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ तालाब में डूबने से 50 वर्षीय एक व्यक्ति की असामयिक मौत हो गई. घटना के बाद से ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतक की पहचान बन्नी गांव निवासी शिव कुमार पासी पिता शिव योग पासी के रूप में की गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की दोपहर शिव कुमार पासी रोजाना की तरह अपने खेत की तरफ काम करने गए थे.
काम खत्म करने के बाद वे पास ही स्थित एक तालाब में नहाने के लिए चले गए. इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई.जब देर शाम तक शिव कुमार अपने घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई. परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने देर रात तक उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका.घटना के लगभग 15 घंटे बाद, बुधवार की सुबह जब ग्रामीण दोबारा खेतों की तरफ गए, तो उन्होंने तालाब के पानी में एक शव को तैरते हुए देखा.
शव की पहचान होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते तालाब के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई.ग्रामीणों द्वारा तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय धनसोई थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला. पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बक्सर भेज दिया है.इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के आश्रितों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं.






