Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
Government

राजपुर में गरजे बीस सूत्री के सदस्य, अतिक्रमण और बिजली संकट पर अधिकारियों को घेरा

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर प्रखंड मुख्यालय सभाकक्ष में बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.बैठक की संयुक्त अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष फुटुचंद सिंह एवं उपाध्यक्ष ठाकुर प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन बीडीओ सिद्धार्थ कुमार द्वारा किया गया.​कार्यक्रम की शुरुआत में बीडीओ ने पिछली बैठक के सवालों का प्रतिवेदन सदन के सामने रखा. बैठक के दौरान सदस्यों ने स्थानीय जनसमस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया, जिसमें अतिक्रमण, बिजली की बदहाली और कृषि योजनाओं में लापरवाही का मुद्दा छाया रहा.

बैठक को संचालित करते अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व बीडीओ 

सदस्यों ने कहा कि ग्रामीण बाजारों के आसपास की सरकारी जमीनों पर लोगों द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा है.विराट राय ने विशेष रूप से जलहरा मंदिर और धनसोई में लंबित अतिक्रमण का मुद्दा उठाया.खरीफ सीजन की शुरुआत के बावजूद अब तक धान का बीज उपलब्ध न होने पर सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया. उन्होंने कहा, अब बिचड़ा डालने का समय बीत रहा है और खेती का वक्त आ गया है, लेकिन बीज गायब है.सदस्य अमित कुशवाहा ने आरोप लगाया कि धनसोई बाजार में खाद की जमकर कालाबाजारी हो रही है और पीओएस  मशीन का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है.

बैठक में भाग लेते सदस्यगण 

बिजली विभाग की लापरवाही पर कहा की आंधी-पानी आते ही घंटों बिजली गुल रहने और बरसात में खंभे गिरने पर नाराजगी जताई गई. सदस्यों ने कहा कि 33,000 वोल्ट लाइन में लगातार फाल्ट होना चिंताजनक है. वहीं, उमेश यादव ने भलुहा-रघुनाथपुर रोड के बीचों-बीच स्थित बिजली के खंभे को हटाने की मांग की. जलहरा से कोनौली तक बनने वाली सड़क का काम शुरू न होने पर ग्रामीणों में आक्रोश है. सदस्यों ने चेताया कि काम शुरू न हुआ तो बड़ा विरोध झेलना पड़ेगा.

सदस्य इंदु देवी ने शिकायत की कि नागपुर पंचायत के वार्ड नंबर एक कठजा गांव में पिछले तीन वर्षों से नल-जल योजना पूरी तरह फेल है. प्रखंड कृषि पदाधिकारी ऋषिकेश यादव ने कहा कि किसान मोटे अनाज जैसे मड़वा और बाजरा की खेती के लिए आगे आएं.उन्होंने फिलहाल ‘जीरो टीलेज’ विधि से धान की बुवाई करने की सलाह दी.

​स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा न उठने के सवाल पर बीसी रूपेश कुमार ने आश्वासन दिया कि खराब गाड़ियों की मरम्मत कराकर और डस्टबिन की व्यवस्था कर जल्द ही नियमित उठाव शुरू कराया जाएगा. विद्युत कनीय अभियंता अजीत कुमार ने आश्वस्त किया कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय बनाकर बिजली की समस्याओं को जल्द दुरुस्त कर लिया जाएगा.​इस महत्वपूर्ण बैठक से शिक्षा विभाग का कोई भी प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ.

विभाग की इस घोर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मौजूद सदस्यों और अधिकारियों ने कड़ी आपत्ति जताई और इसकी लिखित शिकायत वरीय अधिकारियों को भेजने का निर्णय लिया.इस बैठक में मुख्य रूप से विमलेन्द्र पाण्डेय, दयाशंकर सिंह, लक्ष्मीना देवी, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, बीएचओ मुन्ना सिंह, एलईओ सुधांशु कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बीस सूत्री के सदस्य उपस्थित रहे.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button