बोलेरो एवं बाइक की टक्कर से दो युवक घायल


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा–मोहनिया मुख्य मार्ग पर बुधवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. रामपुर स्थित देवल मोड़ के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए.सूचना मिलते ही राजपुर थाने की गश्ती पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा.
चिकित्सकों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने के कारण दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.घायल युवकों की पहचान औरंगाबाद जिला के आजम थाना क्षेत्र अंतर्गत के धनजीत राय 35 वर्ष पिता रामप्यार राय एवं 40 वर्षीय रोहतास जिला के सासाराम थाना क्षेत्र के गोटपा गांव निवासी राजू राय पिता गोपाल राय के रूप में की गयी है.
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कम्हरिया गांव में अपने किसी रिश्तेदार के घर आए थे. बुधवार को वे अपनी बाइक से मोहनिया के रास्ते वापस अपने गृह जिला लौट रहे थे. इसी दौरान रामपुर देवल मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में सीधी और जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे के बाद आरोपी बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से भागने में सफल रहा. स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस को दी गई त्वरित सूचना के कारण घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका. थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया की घटना की सूचना मिलते ही गश्ती दल को तुरंत मौके पर भेजा गया था.
दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनकी हालत स्थिर बनी हुई है. फरार बोलेरो और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में नाकेबंदी और जांच-पड़ताल कर रही है.जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.






