गंगाजल लेने जा रहे कांवरिया की रास्ते में संदिग्ध मौत, परिजनों में चीख-पुकार

नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के ईसापुर-खीरी मुख्य पथ पर संगरॉव-पलिया गांव के बधार के समीप रविवार रात एक कांवरिया की बेसुध होकर गिरने से मौत हो गई. मृतक की पहचान कैमूर (भभुआ) जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र स्थित कम्हारी गांव निवासी 28 वर्षीय प्रदुमन पांडेय पिता बच्चन पांडेय के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदुमन अपने गांव के साथियों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर चौसा से गंगाजल लेने जा रहा था. रास्ते में किसी बात को लेकर दोस्तों से विवाद हो गया, जिसके बाद उसके साथी रास्ते में उतारकर आगे निकल गए और वह अकेला ही पैदल चलने लगा. रविवार रात लगभग 10:30 बजे संगरॉव पुल के आगे वह अचानक बेसुध होकर पानी भरे चाट में गिर पड़ा.सुनसान इलाका होने के कारण काफी देर तक उसे कोई मदद नहीं मिल सकी.
घटना के लगभग एक घंटे बाद गुप्ता धाम जा रहे अन्य कांवड़ियों के जत्थे की नजर उस पर पड़ी. इसके बाद संगरॉव बाजार में कांवड़ियों की सेवा में लगे स्थानीय युवकों और पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी.थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. फिलहाल किसी पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस दुखद हादसे से रास्ते से गुजर रहे अन्य श्रद्धालुओं में भी शोक की लहर दौड़ गई.







