सरेंजा में गेहूं की बोरियों के नीचे दबने से किशोर की मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा प्रखंड के सरेंजा में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहाँ एक अनाज गोदाम में गेहूं से भरी बोरियों के नीचे दबने से 11 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान बेचन चौहान (बेचू चौहान) के पुत्र भगेलु चौहान के रूप में हुई है. इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
रविवार शाम से लापता था मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 वर्षीय भगेलु चौहान रविवार की शाम से ही अचानक लापता हो गया था. परिजन रातभर अपने स्तर से उसकी खोजबीन करते रहे. लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला. सोमवार की सुबह कुछ स्थानीय बच्चों ने बताया कि भगेलु को आखिरी बार गोदाम के आसपास अपने दोस्तों के साथ खेलते हुए देखा गया था.
बोरियां हटाने पर मिला शव
बच्चों की बात पर संदेह होने के बाद ग्रामीणों ने सोमवार सुबह गेहूं के गोदाम का ताला खुलवाया और अंदर तलाश शुरू की. गोदाम के अंदर गेहूं की कुछ बोरियां बिखरी और गिरी हुई थीं.जब संदेह के आधार पर उन भारी-भरकम बोरियों को हटाया गया, तो उसके नीचे भगेलु का शव दबा मिला. किशोर की लाश मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची.पुलिस अभी मामले की तफ्तीश कर ही रही थी कि मृतक के परिजनों ने किशोर की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चौसा-कोचस पथ को पूरी तरह जाम कर दिया.
भारी पुलिस बल तैनात, अधिकारी समझाने में जुटे
सड़क जाम होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और गाड़ियों को दूसरे रास्तों से डाइवर्ट करना पड़ा.स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल पर राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार भारी पुलिस बल के साथ कैंप कर रहे हैं.क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए राजपुर पुलिस के साथ-साथ इटाढ़ी थाना और मुफस्सिल थाना की पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया है. पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटाने और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देने का प्रयास कर रहे हैं.






