Slide
जीवन में हजारों लड़ाइयां जीतने से अच्छा है कि तुम स्वयं पर विजय प्राप्त कर लो : गौतम बुद्ध
previous arrow
next arrow
Accident

खुशियों वाली ‘शहनाई’ से पहले पसरा मातम, तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से दो सगे भाइयों की मौत

नेशनल आवाज़ /बक्सर : जिले के बक्सर-पटना फोरलेन (NH-922) पर मंगलवार की सुबह एक ऐसी चीख गूंजी जिसने न केवल दो परिवारों के चिराग बुझा दिए. बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कुआंवन गांव के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को कुचल दिया.जिससे घटना स्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.​मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के कारनामेपुर थाना क्षेत्र के लालू डेरा गांव निवासी मुन्ना पासवान (25) और गणेश पासवान (20) के रूप में हुई है.

​घर में 03 मई को तिलक और 07 मई को उनकी बहन नेहा की शादी तय थी.दोनों भाई बड़े उत्साह के साथ रिश्तेदारों को निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था.

सीमेंट फैक्ट्री’ के पास अवैध पार्किंग बनी काल

​घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने बक्सर-पटना फोरलेन को पूरी तरह जाम कर दिया. ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि सड़क किनारे स्थित जेके सुपर सीमेंट फैक्ट्री के कारण फोरलेन पर 24 घंटे भारी ट्रकों की बेतरतीब पार्किंग रहती है.ट्रकों की अवैध पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो जाती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं.ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा.​सड़क जाम की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.स्थिति बिगड़ती देख ब्रह्मपुर थाने के साथ-साथ आसपास के चार थानों की पुलिस बुलाई गई.

​प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनू कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर ओमप्रकाश और थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया. करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका.

जैसे ही हादसे की खबर लालू डेरा गांव पहुंची, कोहराम मच गया.पोस्टमार्टम के लिए ले जाए जा रहे बेटों के शवों को देखकर माता-पिता की हालत बेसुध सी हो गई है.जिस आंगन में कुछ दिन बाद मंडप सजने वाला था, वहां अब सन्नाटा और अपनों के रोने की आवाजें गूंज रही हैं.पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है.थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, फैक्ट्री के बाहर अवैध पार्किंग की समस्या का भी स्थायी समाधान निकाला जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button