बक्सर में भीषण सड़क हादसा: आरा-बक्सर फोरलेन पर दो ट्रकों की हुई टक्कर, चालक की मौत


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- आरा-बक्सर फोरलेन हाईवे पर ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के पुरवा गांव के समीप एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है.यहाँ गलत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जा रहे मिनी ट्रक (डीसीएम) में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया. स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक बक्सर से पटना की ओर जा रहा था. इसी दौरान पुरवा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें सीधी टक्कर मार दी.चश्मदीदों के मुताबिक, मिनी ट्रक के चालक ने गाड़ी को बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण दोनों वाहनों में आमने-सामने की विकराल भिड़ंत हो गई.टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और इसकी सूचना ब्रह्मपुर थाना पुलिस को दी.मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घंटों की कड़ी मेहनत के बाद केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला.
अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद चालक को बचाया नहीं जा सका. मृतक की पहचान सिवान जिले के मदारपुर गांव निवासी बीरेंद्र यादव के पुत्र संतोष यादव के रूप में की गई है.पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है.थानाध्यक्ष ने बताया की हादसे के तुरंत बाद उत्तर प्रदेश के नंबर वाला ट्रक चालक अपने वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है.आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की सघन जांच जारी है कि ट्रक किस परिस्थिति में गलत लेन में चल रहा था.






