अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम


नेशनल आवाज़ /बक्सर :- राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-रामगढ़ मुख्य पथ पर मंगलवार की अहले सुबह सड़क हादसे में एक 32 वर्षीय युवक विजय राजभर की दर्दनाक मौत हो गयी.घटना निकृष गांव के समीप की है, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. मृतक की पहचान निकृष गांव निवासी रामाशंकर राजभर के पुत्र विजय राजभर के रूप में हुई है.मिली जानकारी के अनुसार, विजय राजभर सुबह करीब 5 बजे अपनी बाइक से किसी काम के लिए घर से निकले थे.
अभी वह निकृष गांव के पास पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें कुचल दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए.दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया.विजय की स्थिति नाजुक बनी हुई थी.अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा है. विजय की असमय मौत से निकृष गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.इधर, सूचना पर पहुंची राजपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.






